चंदौली। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती माधोपुर स्थित पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू के आवास पर गोष्ठी आयोजित कर मनाई गई। इस दौरान मनोज सिंह डब्लू ने केक काटकर जयंती मनाई और उपस्थित लोगों में मिठाई वितरित की। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया।इस दौरान पूर्व विधायक ने माधोपुर में 26 नवंबर से शुरू होने वाली श्रीमद्भागवत कथा की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कथा के मंच का किसी भी हाल में राजनीतिकरण नहीं होने दिया जाएगा। माधोपुर में आने वाला हर व्यक्ति श्रद्धाभाव से श्रोता बनकर आएगा। किसी भी व्यक्ति या व्यक्तित्व को कथा के मंच पर जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यह कथा उनके पिता स्वर्गीय राम अवध सिंह की आत्मा की शांति के लिए आयोजित की जा रही है, जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। कथा में आमजन के साथ कुछ विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के आने की संभावना है, जिनका कार्यक्रम जल्द तय होगा।मुलायम सिंह यादव को धरतीपुत्र बताते हुए मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में किसानों, युवाओं, सैनिकों और समाज के विभिन्न वर्गों के हितों को प्रमुखता से उठाया। रक्षा मंत्री के रूप में भी उन्होंने सेना और सैनिकों के सम्मान से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव की प्रेरणा से ही अपने विधायक कार्यकाल में चंदौली में सेना भर्ती का आयोजन कराया गया, ताकि क्षेत्र के युवाओं को सेना में भर्ती होने का अवसर मिल सके। आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार अब तक चंदौली में सेना भर्ती कराने में नाकाम रही है। युवाओं को रोजगार और सेना में भर्ती के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है।कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके राजनीतिक जीवन, विचारों एवं सार्वजनिक योगदान को याद किया। अंत में पूर्व विधायक ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को गमछा व अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया।इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष रामभुवन मौर्य, रामजन्म यादव, अवधेश राय, अमित उपाध्याय, संतोष उपाध्याय, महेंद्र तिवारी, बांके बिहारी सिंह, महासचिव आतिफ खान, दुलारे कन्नौजिया, रमेश यादव, द्वारिका खरवार, नवीन प्रजापति, सीताराम प्रजापति, लालमनी पाल, अनिल विश्वकर्मा, कृष्णानंद, मनेजर गोंड, रामजन्म गोंड, छाया गोंड, जानकी यादव, जगमेंद्र यादव, अंकित यादव, अखिलेश सिंह, द्वारिका यादव, इबरार अहमद और रामदीन यादव उपस्थित रहे।
