चंदौली। जिला मुख्यालय पर सोमवार को आध्यात्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। परम पूज्य स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के जनपद आगमन पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। महाराज जी अपने निजी हेलीकॉप्टर से सीधे हरिओम हॉस्पिटल परिसर पहुंचे, जहां सुबह से ही उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भक्त जुटे हुए थे। देखते ही देखते अस्पताल परिसर और आसपास का क्षेत्र श्रद्धालुओं की भीड़ से भर गया।स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज ने मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के बीच हरिओम हॉस्पिटल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। उनके आगमन पर श्रद्धालुओं और अस्पताल प्रबंधन की ओर से भव्य स्वागत किया गया। नए भवन के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई गई।उद्घाटन के बाद महाराज जी ने हजारों श्रद्धालुओं के बीच सत्संग किया। उनके दर्शन और प्रवचन सुनने के लिए दूर-दराज के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से भक्त पहुंचे। श्रद्धालुओं ने फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया। सत्संग के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय हो गया और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।महाराज जी की एक झलक पाने और आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों में उत्सुकता रही। श्रद्धालु अनुशासन और श्रद्धा के साथ उनके आध्यात्मिक विचारों को सुनते रहे। भक्तों ने महाराज के आगमन को सौभाग्य बताते हुए कहा कि उनके प्रवचन से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक प्रेरणा मिली।भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल और हेलीकॉप्टर लैंडिंग क्षेत्र के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। जवानों ने भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था संभाली, जबकि वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर आयोजन की निगरानी करते रहे।स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के आगमन से चंदौली जिला मुख्यालय दिनभर भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास में डूबा रहा। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया। सत्संग और दर्शन के बाद भक्त देर शाम तक महाराज जी के संदेशों और कार्यक्रम की चर्चा करते नजर आए।
