वाराणसी। भोर में वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित लंका मैदान के पास यूपी एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लाख रुपये के इनामी नक्सली कमांडर को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। जानकारी के अनुसार झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) का कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता, निवासी लूटू, थाना लावालौंग, जिला चतरा, झारखंड अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से टेंगरा मोड़ से मुगलसराय की ओर जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर यूपी एटीएस और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे रोककर गिरफ्तार करने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बृजेश मोटरसाइकिल से कूद गया और टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई क्रॉस फायरिंग में बृजेश को गोली लग गई। बदमाश की गोलियां एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेन्द्र कृष्ण की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी लगीं।
घायल बृजेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बृजेश पर झारखंड सरकार ने 25 लाख और एनआईए ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
