चन्दौली। अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने लूट व फायरिंग की घटना का सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, 4,420 रुपये नकद, तीन तमंचे, छह जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 की रात एसएस हॉस्पिटल आलमपुर के पास बदमाशों ने एक वाहन को रोककर तमंचे से फायरिंग की और सूर्यान्श जायसवाल के गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए थे। मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी। 28 अगस्त को तारापुर/आलमपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। सड़क गीली होने के कारण बाइक फिसल गई, जिसके बाद पुलिस ने राजकुमार दुबे और अमन गिरी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के बाद उनके दो अन्य साथियों कमलेश मिश्रा उर्फ पंकज मिश्रा और विनोद सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी हाईवे पर घूमकर मौका मिलने पर असलहे के बल पर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।पुलिस ने बताया कि विनोद सिंह समेत कुछ आरोपियों के खिलाफ पूर्व में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
