चंदौली। नगर पंचायत स्थित चंद्र त्रिपाठी भवन कांग्रेस जिला कार्यालय से सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) में कथित गड़बड़ी के आरोप को लेकर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इसके बाद कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर नाराजगी जताई। कांग्रेस महासचिव देवेंद्र सिंह मुन्ना ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के खिलाफ पार्टी आवाज उठाती रहेगी।जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी। मुगलसराय नगर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने शिकायतों के तत्काल निस्तारण की मांग की। इस दौरान राजेंद्र गौतम, रजनीकांत पांडेय, विजय तिवारी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी जुलूस के साथ चलते रहे।
एसआईआर में कथित गड़बड़ी के विरोध में चंदौली में कांग्रेस का प्रदर्शन,आयोग से इस्तीफे की मांग की…
