चंदौली । सदर विकासखंड के बिछिया स्थित धरना स्थल पर बुधवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी समूह सखियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंची समूह सखियों ने मानदेय बढ़ाने, काम के घंटे तय करने और यात्रा भत्ता समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन को मांगों से संबंधित पत्रक सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।जिला अध्यक्ष गीता मौर्य ने कहा कि समूह सखियों से प्रतिदिन आठ घंटे और महीने के पूरे 30 दिन काम लिया जाता है। ऐसे में समान कार्य के आधार पर समान वेतन मिलना चाहिए। बैंक सखियों का मानदेय 14 हजार रुपये प्रतिमाह करने और उन्हें नियमित किए जाने की मांग भी उठाई गई। बुक कीपर के लिए भी 14 हजार रुपये मानदेय निर्धारित करने की मांग की गई।अंजू पांडेय ने विभागीय स्तर पर समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को लखनऊ तक ले जाया जाएगा। सुमन ने कहा कि वर्तमान दो हजार रुपये के मानदेय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल है।समूह सखियों ने दूर-दराज के गांवों में कार्य के लिए आने-जाने का किराया, नेट पैक, बीमा, पहचान पत्र, कैशलेस इलाज और ओवरटाइम की सुविधा देने की मांग की। साथ ही आंगनबाड़ी, शिक्षामित्र और अनुदेशक की तर्ज पर निश्चित मानदेय तय करने की मांग की गई। प्रदर्शन में मंजू देवी, संजू देवी, कृष्णावती, सुनीता, अनीता, गीतांजलि, सुषमा खरवार, आशा देवी, सविता भारती, निर्मला, उर्मिला, रीना और रजनी समेत अन्य समूह सखियां मौजूद रहीं।
कम मानदेय और अतिरिक्त कार्य से नाराज समूह सखियों का चंदौली में प्रदर्शन,मांगों का सौंपा पत्रक..
