चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत चिकनी के ओरवाटांड़ पुरवा में आजादी के 79 साल बाद भी करीब 40-50 खरवार परिवार बिजली की सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों के मुताबिक वर्ष 2021 से वे गांव में विद्युतीकरण की मांग को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा रहे हैं। करीब 15 दिन पहले बिजली विभाग ने गांव में विद्युत लाइन बिछाने के लिए लगभग 50 खंभे गिराए, जिसके बाद ग्रामीणों को घर रोशन होने की उम्मीद जगी। आरोप है कि वन विभाग की आपत्ति के बाद विद्युतीकरण का काम फिर रुक गया। ग्रामीणों का दावा है कि मौके पर पहले से करीब 20 फीट चौड़ा कच्चा रास्ता मौजूद है और खंभे लगाने से किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने वन विभाग की आपत्ति दूर कर जल्द विद्युतीकरण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
