चंदौली। दलित उत्पीड़न और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली की ओर से विरोध मार्च निकाला गया। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में निकले मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दलित सम्मान की आवाज बुलंद की।विरोध मार्च में शामिल उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में दलित होने के कारण मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि दलित उत्पीड़न के खिलाफ राहुल गांधी द्वारा आवाज उठाने के बाद उनके खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जो भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि जब मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे वरिष्ठ दलित नेता के साथ कथित तौर पर ऐसा व्यवहार हो सकता है तो आम दलितों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दलित उत्पीड़न के खिलाफ कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।मार्च में मधु राय, डॉ. नारायण मूर्ति ओझा, रामधार जोसफ, तरुण पाण्डेय, रामानंद यादव, रजनीकांत पाण्डेय, गंगा प्रसाद समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
