चंदौली/मुगलसराय। बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं और राहत व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने गुरुवार दोपहर क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया। विधायक ने नगही, नवाबपुर, दुदे, चनहटा और चुरमूली गांव पहुंचकर बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और राहत सामग्री वितरित की।इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ की आपदा में किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।दौरे के दौरान एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार, कानूनगो, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर, संजय पासवान समेत अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।गिरे मकानों का सर्वे कराकर जल्द दिलाएं आवासविधायक रमेश जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ में जिन ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त या पूरी तरह गिर गए हैं, उनकी सूची तैयार कराकर पात्र परिवारों को जल्द आवास उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।विधायक ने बताया कि पिछली बाढ़ के दौरान भी दुदे गांव के 110 जरूरतमंद परिवारों को आवास दिलाने की कार्रवाई कराई गई थी। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करना उनकी प्राथमिकता है। क्षतिग्रस्त मकानों, फसलों और अन्य नुकसान का सर्वे कराकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। ग्रामीणों ने भी विधायक के लगातार क्षेत्र में पहुंचकर राहत और सहायता उपलब्ध कराने पर आभार जताया।
