चंदौली – सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को रक्षाबंधन स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। जनौली स्थित शिव शक्ति लॉन में होने वाले इस कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां शामिल होंगी। समारोह के दौरान महिलाएं सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को रक्षा-सूत्र बांधेंगी। इसके साथ ही मनोज सिंह डब्लू महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेंगे।मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि सैयदराजा की धरती से उनका भावनात्मक जुड़ाव है और क्षेत्र की माताओं, बहनों व बेटियों का स्नेह उनके लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सम्मान और शक्ति का प्रतीक माना गया है, लेकिन मौजूदा दौर में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध चिंता का विषय हैं। महिलाओं को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना समाज और सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता बेहद जरूरी है। इसी सोच के तहत सैयदराजा नगर में बालिका डिग्री कॉलेज की स्थापना की गई। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन को दोबारा शुरू किया जाएगा। बेटियों को लैपटॉप देने के साथ स्नातक स्तर तक निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था करने का वादा भी पूरा किया जाएगा।समारोह में महिलाओं से संवाद कर उनके सुझाव लिए जाएंगे और बदलते राजनीतिक परिदृश्य में उनकी अपेक्षाओं को आगे की दिशा का आधार बनाया जाएगा।
