चंदौली। विकासखंड बरहनी के किसान कल्याण केंद्र बरठी कमरौर में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ई-लॉटरी से चयनित करीब 72 लाभार्थी किसानों को सरसों और चना के मिनीकिट बीज का निशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने किसानों को मिनीकिट वितरित किए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने बताया कि जिले में गेहूं, मसूर, सरसों और चना के उन्नतशील बीज राजकीय कृषि बीज भंडारों से 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कराकर उन्नत किस्म के बीज प्राप्त करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने किसानों को दलहनी और तिलहनी फसलों का क्षेत्रफल एवं उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कृषि विविधीकरण अपनाने तथा खेतों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए एनपीएस उर्वरक के प्रयोग की सलाह दी।इस अवसर पर धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, किसान नेता दीनानाथ श्रीवास्तव, रविंद्र नाथ सिंह, सुमंत सिंह, पारसनाथ तिवारी सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
