नहर की सफाई न होने से धान की फसल बर्बाद, आक्रोशित किसानों ने किया प्रदर्शनचंदौली- सकलडीहा क्षेत्र के ग्राम पीथापुर में नहर की सफाई नहीं होने से नाराज किसानों ने प्रदर्शन कर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश जताया। किसानों का आरोप है कि सकलडीहा-फुल्ली-पीथापुर होते हुए नोनार तक जाने वाली माइनर नहर की लंबे समय से समुचित सफाई नहीं कराई गई है। इसके चलते नहर में झाड़ियां और गंदगी जमा होने से खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा है।किसानों ने बताया कि धान की फसल को इस समय पानी की जरूरत है, लेकिन नहर में पानी का प्रवाह बाधित होने से फसल प्रभावित होकर बर्बादी की कगार पर पहुंच गई है। हर साल नहर की सफाई कराने की मांग की जाती है, लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारी किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।प्रदर्शन कर रहे किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नहर की सफाई कराकर सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। किसानों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन में उदय नारायण राजभर, पिंटू राज, अनिल सिंह, रमेश राजभर, नागेंद्र राजभर, पूर्व प्रधान जयपुर, दिनेश राजभर, राधेश्याम राय, मिट्ठू सहित अन्य किसान शामिल रहे।
