बाढ़ से तबाह फसलें देख भड़के पूर्व सांसद रामकिशुन, सिंचाई विभाग पर लगाए गंभीर आरोपचंदौली। जिले में बाढ़ का कहर किसानों की मेहनत पर भारी पड़ रहा है। शुक्रवार को पूर्व सांसद रामकिशुन ने लहेरा गांव समेत आसपास के कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और खेतों में जलभराव से हुए नुकसान की जानकारी ली।किसानों ने पूर्व सांसद को बताया कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने और सिंचाई विभाग के डेन की सफाई समय से नहीं कराए जाने के कारण धान की फसल लंबे समय से पानी में डूबी हुई है। इससे किसानों को बड़े आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।पूर्व सांसद रामकिशुन ने सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि डेन की सफाई के नाम पर सरकारी धन खर्च किया गया, लेकिन धरातल पर काम मानक के अनुरूप नहीं हुआ। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।रामकिशुन ने कहा कि दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई के साथ सरकारी धन की रिकवरी होनी चाहिए। उन्होंने बर्बाद फसलों का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने और बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की मांग शासन-प्रशासन से की।
