
चंदौली। आजाद अधिकार सेना की केंद्रीय कार्यकारिणी के अनुमोदन के बाद नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 गांधी नगर निवासी शिवशंकर अग्रहरि उर्फ पप्पू को 380 मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद मंगलवार को वार्ड नंबर चार नेहरू नगर स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी जताई।शिवशंकर अग्रहरि ने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। जनता का सहयोग और आशीर्वाद मिला तो क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की मूलभूत समस्याओं के साथ छोटे, मझोले और मध्यवर्गीय व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।उन्होंने कहा कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता प्रशांत सिंह ने कहा कि शिवशंकर अग्रहरि लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके प्रत्याशी बनने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। इस मौके पर अजीत कुमार सिंह, बिज्जू, मोनू अग्रहरि, पप्पू सिंह, सोनू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
