चंदौली में साइबर फ्रॉड के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त आशीष गैलवार को साइबर सेल और सर्विलांस टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को 15 सितंबर की रात 9 बजकर 11 मिनट पर लखनऊ कमिश्नरेट के चिनहट थाना क्षेत्र से मोबाइल लोकेशन के आधार पर पकड़ा गया।मामला साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 14/2026 से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक फर्जी माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के नाम पर लोगों को कम ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा देकर प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी मनी और अन्य शुल्क के नाम पर रकम वसूली जाती थी। जांच के दौरान अलग-अलग राज्यों से 16 साइबर शिकायतें सामने आईं। वहीं करीब एक करोड़ 42 लाख रुपये की साइबर फ्रॉड से जुड़ी रकम बैंक खातों में होल्ड होने की जानकारी पुलिस ने दी है।इस मामले में पुलिस ने पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में बैंकिंग उपकरण, फर्जी दस्तावेज, पासबुक, रजिस्टर, चेक, मोबाइल फोन और विभिन्न मोहरें बरामद की थीं।पूछताछ में पुलिस के अनुसार आशीष ने साइबर फ्रॉड के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने और अन्य आरोपियों के संपर्क में रहने की बात स्वीकार की है। उसके कब्जे से एक की-पैड मोबाइल बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लोन या निवेश के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति अथवा संस्था को पैसे न दें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करें।
