चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने रात में बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी, नेत्र कक्ष सहित विभिन्न पटल का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।डीएम ने उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की मौजूदगी, आपातकालीन सेवाओं और मरीजों को समयबद्ध उपचार मिलने की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर सुविधाओं का फीडबैक भी प्राप्त किया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और अस्पताल की सभी सेवाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं। उन्होंने डॉक्टरों की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता और दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।डीएम ने कैंटीन का भी निरीक्षण किया और मरीजों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता तथा पैकेजिंग खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट की नियमित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी स्तर पर उदासीनता मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. परितोष मिश्रा सहित चिकित्सक मौजूद रहे।
