चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को चकिया तहसील क्षेत्र के वर्षा प्रभावित बहोरा (कुर्थिया), सिकठिया (चित्तौड़ी) और पिपराकला गांवों का दौरा किया। उन्होंने भारी बारिश से क्षतिग्रस्त और ढहे मकानों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही पिछले वर्ष बारिश में बेघर हुए लाभार्थियों के बन चुके नए आवासों का भौतिक सत्यापन भी किया।निरीक्षण के दौरान डीएम कई पीड़ितों की चौखट तक पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने एसडीएम चकिया और बीडीओ को निर्देश दिया कि बेघर परिवारों के पुनर्वास में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।डीएम ने ग्रामीणों से संवाद कर बच्चों की पढ़ाई, महिलाओं से स्वयं सहायता समूह, शौचालय, आयुष्मान कार्ड, मुफ्त राशन और मनरेगा रोजगार की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।जिलाधिकारी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। बारिश से गिरे या क्षतिग्रस्त मकानों के लिए आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। एडीओ पंचायत को गांवों में साफ-सफाई और जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी-लार्वा छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए।
