चंदौली। भगवान विश्वकर्मा पूजनोत्सव के पूर्व मंगलवार को विश्वकर्मा समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। सैयदराजा स्थित विश्वकर्मा मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा जिला मुख्यालय पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गई।शोभायात्रा में लोग हाथों में धर्मध्वजा और समाज के प्रतीक चिन्ह हथौड़ा लेकर भगवान विश्वकर्मा की जयकार करते हुए आगे बढ़े। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा जिला सहसंयोजक सोशल मीडिया श्रीकांत विश्वकर्मा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा समाज के मान-सम्मान और गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर अपनी लड़ाई को मजबूत करने तथा बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक होने की अपील की।उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा पूजनोत्सव घरों और कारखानों में धूमधाम से मनाया जाए। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर घरों में दीप जलाकर उन्हें बधाई देने की अपील की।इस दौरान संतोष विश्वकर्मा, धर्मेंद्र विश्वकर्मा, महेंद्र विश्वकर्मा, सूरज विश्वकर्मा, प्रेमनाथ, पंकज विश्वकर्मा, राहुल विश्वकर्मा, नगीना विश्वकर्मा, राम प्रकाश विश्वकर्मा और दीनानाथ सहित हजारों लोग मौजूद रहे।
