चंदौली। सदर विकासखंड स्थित भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने प्रेसवार्ता कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ नाट्य मंचन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चंदौली में भी विशेष नाट्य प्रस्तुति होगी।जिलाध्यक्ष ने बताया कि नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन यात्रा को रंगमंच पर जीवंत किया जाएगा। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक के सफर को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।उन्होंने कहा कि प्रस्तुति में सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को भावनात्मक एवं संगीतमय तरीके से दिखाया जाएगा। अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज, पंचायत, सामुदायिक केंद्रों समेत अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।प्रेसवार्ता में जिला मीडिया प्रभारी हरिशचंद्र अग्रहरि, जिला उपाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह चंदेल और सोशल मीडिया सह प्रभारी श्रीकांत विश्वकर्मा मौजूद रहे।
