चंदौली डीएम चंद्र मोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई ने बुधवार को जिले के परिषदीय विद्यालयों और गेस्ट हाउस का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों की व्यवस्थाओं, शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के शैक्षणिक स्तर को परखा।निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय बसारिकपुर से हुई। डीएम और सीडीओ ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। साथ ही विद्यालय परिसर में संचालित को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण कर योजनाओं और गतिविधियों के संचालन की स्थिति देखी।इसके बाद अधिकारी कंपोजिट विद्यालय खगवल पहुंचे। यहां जिलाधिकारी ने कक्षा 6 के विद्यार्थियों से अंग्रेजी की किताब पढ़वाई और विभिन्न शब्दों के अर्थ पूछकर उनकी जानकारी परखी।निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता, स्वाद और स्वच्छता की जांच की। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक मिलने पर उन्होंने संतुष्टि जताई। इसके बाद विद्यालय की अन्य कक्षाओं और परिसर का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।विद्यालयों के निरीक्षण के बाद डीएम और सीडीओ ने गेस्ट हाउस बर्थरा खुर्द का भी अवलोकन किया। अधिकारियों ने नवनिर्मित भवन की व्यवस्थाएं देखीं और आवश्यक सुधार कर जल्द संबंधित विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश दिए।इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सकलडीहा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
