चंदौली। नगर पंचायत स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर सोमवार को प्रेस वार्ता आयोजित हुई। जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी नेताओं ने विपक्षी दलों पर चुनाव आयोग को लेकर जनता में भ्रम फैलाने और संस्था की विश्वसनीयता प्रभावित करने का आरोप लगाया।जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि चुनाव में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर विपक्षी दल सत्ता पक्ष और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को बदनाम कर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक और संवैधानिक तरीके से चर्चा होनी चाहिए।पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबलि सिंह ने कहा कि विपक्ष के पास जनता के बीच उठाने के लिए ठोस मुद्दों का अभाव है। इसी कारण चुनाव आयोग को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव संबंधी शिकायतों के लिए संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया उपलब्ध है।चकिया नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार की नीतियों को जनहित से जुड़ा बताते हुए विपक्ष से विकास के मुद्दों पर चर्चा करने की बात कही। सैयदराजा नगर पंचायत अध्यक्ष आभा जायसवाल ने भी विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी हरिश्चंद्र अग्रहरि समेत पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चंदौली में BJP की प्रेस वार्ता,विपक्ष पर चुनाव आयोग को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप..
