चंदौली में जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के अधिवेशन में 16 पदाधिकारियों का निर्वाचन..

चंदौली। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ का त्रिवार्षिक अधिवेशन एवं शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र सभागार में आयोजित हुआ। मंडल उपाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय की देखरेख में हुए निर्वाचन में 16 पदाधिकारियों का चयन किया गया। निर्वाचन के दौरान संतोष कुमार सिंह को जिला अध्यक्ष, राकेश कुमार गुप्ता को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा संजय कुमार सिंह को जिला महामंत्री निर्वाचित किया गया। इसके अलावा सात से अधिक शिक्षकों को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। संयुक्त मंत्री पद पर छह शिक्षकों का सर्वसम्मति से चयन हुआ।नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन के बाद पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान शिक्षकों ने संगठन को मजबूत करने और शिक्षक हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह का शिक्षकों ने माल्यार्पण कर स्वागत करते हुए बधाई दी।जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षकों के हितों की आवाज मजबूती से उठाने के साथ ही सभी सदस्यों को एकजुट करने का कार्य करेगा। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।