चंदौली। सेवा संकल्प अभियान के तहत सदर ब्लॉक परिसर में भव्य जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और लाभार्थी शामिल हुए। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सदर संजय सिंह ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने अन्नप्राशन और गोदभराई की रस्म भी पूरी कराई। वहीं, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से केंद्र और प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों को ट्राई साइकिल वितरित कर सम्मानित किया गया। ट्राई साइकिल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह ने कहा कि सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
