चंदौली। गंगा तट स्थित प्रसिद्ध नमो घाट पर आगामी दिनों में होने वाले भव्य एयर शो को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई।बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने नमो घाट और कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय से तैयारियां पूरी करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।वहीं, भारी भीड़ को देखते हुए एसपी आकाश पटेल ने यातायात व्यवस्था के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू करने के निर्देश दिए। प्रमुख चौराहों और घाट की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। वाहनों के व्यवस्थित ठहराव के लिए पार्किंग स्थल भी चिह्नित किए जा रहे हैं।बैठक में सीडीओ आर. जगत साई, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, एएसपी विक्रम दहिया समेत प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
