चंदौली। पूर्व की नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और संभावित गतिविधियों की रोकथाम के लिए क्षेत्राधिकारी नौगढ़ देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में थाना नौगढ़ पुलिस एवं क्यूआरटी टीम ने ग्राम नोनवट, पंडी और आसपास के पहाड़ी व जंगल क्षेत्रों में वृहद कांबिंग अभियान चलाया। थानाध्यक्ष नौगढ़ संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुर्गम इलाकों, पगडंडियों और संभावित छिपने के स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन एवं चेकिंग की।अभियान के दौरान पुलिस टीम ने पैदल गश्त और फ्लैग मार्च कर ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों, युवाओं और बुजुर्गों से जन-संवाद कर कानून-व्यवस्था एवं संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी ली गई। ग्रामीणों से किसी अपरिचित या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। ओटीपी, एटीएम पिन साझा न करने, फर्जी केवाईसी कॉल, लिंक, ऐप, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहने की जानकारी दी गई। साइबर ठगी होने पर 1930 और आपात स्थिति में 112 पर सूचना देने को कहा गया।ग्रामीणों ने क्षेत्र में शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण होने की बात कही। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिलाया।
नक्सली गतिविधियों की रोकथाम को लेकर नौगढ़ के जंगलों में पुलिस की कांबिंग,ग्रामीणों को किया साइबर अपराध से जागरूक…
