चंदौली। विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन चंदौली में चंदौली पुलिस की ओर से संवेदनशील एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने दृष्टिबाधित बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके हुनर, रुचियों तथा भविष्य के सपनों को जाना।कार्यक्रम का आयोजन मार्गदर्शी संस्था अमर ज्योति सेवा केन्द्र, रवैहेरा के सहयोग से किया गया। इसका उद्देश्य “Love Your Eyes, Save Your Sight” के संदेश के साथ आंखों की सुरक्षा, दृष्टिबाधित लोगों के प्रति संवेदनशीलता और “नेत्रदान महादान” के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत दृष्टिबाधित बच्चों के स्वागत गीत से हुई। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया। एसपी ने बच्चों के हुनर की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।इस दौरान बच्चों ने एसपी से कई रोचक सवाल पूछे। एसपी ने भी सहजता से बातचीत करते हुए उनके सपनों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शारीरिक कमी की मोहताज नहीं होती। मजबूत इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।एसपी ने बच्चों के शिक्षकों से ब्रेल लिपि के जरिए पढ़ाई, विशेष शिक्षण पद्धति और संगीत प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि दृष्टिबाधित बच्चों को शिक्षा, अवसर और सम्मान देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।अपने संबोधन में एसपी ने कहा कि आंखें ईश्वर का अनमोल उपहार हैं। विश्व दृष्टि दिवस हमें आंखों की देखभाल के साथ जरूरतमंद लोगों के जीवन में रोशनी लाने का संदेश देता है। नेत्रदान महादान है और एक छोटा सा संकल्प किसी के जीवन में नई रोशनी ला सकता है।कार्यक्रम के अंत में एसपी ने दृष्टिबाधित बच्चों को लंच पैकेट वितरित किए और उनके गुरुजनों को शॉल देकर सम्मानित किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्रा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक और दृष्टिबाधित बच्चे मौजूद रहे।
