युवाओं और किसानों के भविष्य को लेकर विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने जताई चिंता, 2027 चुनाव की तैयारियों पर किया मंथन
चंदौली। सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने कैलावर स्थित अपने आवास पर युवाओं के साथ बैठक कर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों की समस्याओं पर चर्चा की। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में महंगाई बढ़ रही है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 70 से अधिक बार पेपर लीक होने से लाखों युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ा है। किसानों की स्थिति को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि अब सरकार को बदलने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को स्थायी नौकरी, बेरोजगारी भत्ता और लैपटॉप देने की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही महिलाओं को 40 हजार रुपये मासिक समाजवादी पेंशन देने का वादा भी किया। बैठक में मौजूद युवाओं ने अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए समर्थन देने का भरोसा जताया।
