चंदौली जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। मामले में एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।पुलिस के अनुसार, एसपी चंदौली के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगन राज सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पूछताछ में बाल अपचारियों ने बताया कि वे अपने शौक पूरे करने के लिए मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। गिरोह के सरगना के साथ मिलकर मुगलसराय स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उन्हें सस्ते दामों पर बेचते थे तथा रुपये आपस में बांट लेते थे।पुलिस के मुताबिक, बरामद तीनों मोटरसाइकिलें 18 अक्टूबर 2026 को मुगलसराय स्टैंड से चोरी की गई थीं। इसके अलावा करीब एक सप्ताह पहले भी एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने की बात सामने आई है। आरोपी कथित तौर पर चोरी की बाइकों को बेचने की फिराक में थे।बरामद मोटरसाइकिलों में तीन हीरो स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा संख्या 643/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2)/317(4) में अभियोग दर्ज किया है। वहीं, मुगलसराय थाने में दर्ज चोरी के तीन अन्य मामलों से भी इनका संबंध सामने आया है।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विकास कुमार सिंह, कांस्टेबल अखिलेश सिंह, रिजर्व कांस्टेबल अमित कुमार यादव, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और रिजर्व कांस्टेबल वजाहत अली सिद्दीकी शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
