चंदौली- नौगढ़। विकासखंड के बाघी गांव की ग्राम प्रधान एवं समाजवादी पार्टी की नवनियुक्त महिला राष्ट्रीय सचिव नीलम ओहरी ने लखनऊ में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शिष्टाचार भेंट की। राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिलने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात रही, जिसे संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।मुलाकात के दौरान नीलम ओहरी ने चकिया विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में पार्टी की भूमिका पर भी विचार-विमर्श हुआ।राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद नौगढ़ क्षेत्र में नीलम ओहरी की राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। समर्थकों का मानना है कि पार्टी भविष्य में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। हालांकि, विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर पार्टी संगठन की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
