चंदौली। जनपद के सकलडीहा तहसील क्षेत्र के बसारिकपुर गांव में नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने धान की फसल की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण कर उत्पादकता का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद किया और अपील की कि वे अपनी धान की उपज बिचौलियों के हाथों बेचने के बजाय सरकारी क्रय केंद्रों पर ही बेचें, ताकि उन्हें उपज का उचित मूल्य मिल सके।
क्रॉप कटिंग के दौरान किसान विजय लाल यादव के गाटा संख्या-34 स्थित खेत में 43.33 वर्ग मीटर क्षेत्र में कटाई कराई गई, जिसमें तौल के बाद 28.700 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। वहीं, किसान बुद्धू प्रसाद यादव के गाटा संख्या-3 स्थित खेत में समान माप पर कराई गई क्रॉप कटिंग में 21.520 किलोग्राम धान का उत्पादन मिला।
दोनों खेतों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर क्षेत्र में धान की औसत उत्पादकता 57.98 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई। जिलाधिकारी ने क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का जायजा लेते हुए उत्पादन के आंकड़ों का अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को फसल क्षति का उचित मुआवजा और भुगतान निर्धारित करने में क्रॉप कटिंग के आंकड़े महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
