**चदौली।** मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजाद अधिकार सेना पार्टी एवं ह्यूमन राइट सीडब्ल्यूए संगठन के पूर्वी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह को पत्र लिखकर उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने समाज के गरीब, वंचित, वृद्ध, दिव्यांग, महिलाओं, युवाओं और अन्नदाता किसानों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उनके योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह होटल शिवम में सूचना विभाग उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारी विष्णुदेव सिंह ने उन्हें मुख्यमंत्री द्वारा लिखा गया पत्र सौंपा। पत्र में मुख्यमंत्री ने अजीत प्रताप सिंह और उनके परिवार के स्वास्थ्य, सुख एवं समृद्धि की प्रभु श्रीराम से मंगलकामना की है। साथ ही उनसे अपील की है कि वे आगे भी समाजहित में सक्रिय रहकर सरकारी योजनाओं से उन लोगों को जोड़ने का प्रयास करें, जो किसी कारणवश अब तक इन योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।मुख्यमंत्री ने पत्र में डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति, माफिया और गुंडाराज तथा अराजकता का भी उल्लेख किया है। उन्होंने विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में मिलकर योगदान देने की अपील की है।वहीं, अजीत प्रताप सिंह ने पत्र में हुई एक त्रुटि की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि एलआईयू की लापरवाही के कारण मुख्यमंत्री का पत्र उन्हें भारतीय करणी सेना के जिलाध्यक्ष के नाम से संबोधित किया गया है, जबकि वह सात वर्ष पहले ही भारतीय करणी सेना से इस्तीफा दे चुके हैं। वर्तमान में वह ह्यूमन राइट सीडब्ल्यूए सहित अन्य संगठनों से जुड़कर सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा और जनहित के कार्य जारी रखेंगे।
