Chandauli News-आदर्श नहर परियोजना पर भ्रष्टाचार के आरोप,धरौली में ग्रामीणों का प्रदर्शन


चंदौली जिले में चल रही आदर्श नहर निर्माण परियोजना अब भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरती नजर आ रही है। धरौली से बेन तक चल रहे इस कार्य में अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने जेई और एसडीओ पर गंभीर आरोप लगाए हैं।धरौली स्थित जल निकासी के लिए बना साइफन पूरी तरह पट चुका है, जिससे सैकड़ों एकड़ खेतों का पानी निकलना बंद हो गया है। इस परियोजना के लिए शासन द्वारा लगभग 6 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद कार्य अधूरा और लापरवाहीपूर्ण बताया जा रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की मिलीभगत से साइफन का निर्माण कार्य नहीं कराया गया। जबकि योजना के अंतर्गत नहर की सफाई, मरम्मत, पुलिया और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाना था।समस्या से परेशान ग्रामीण सुबह ही साइफन स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। उनका कहना है कि यदि जल्द ही साइफन का निर्माण नहीं हुआ तो उनकी फसलें बर्बाद हो जाएंगी और वे मजबूर होकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
वहीं, एसडीओ का कहना है कि साइफन निर्माण को परियोजना के एस्टीमेट में शामिल नहीं किया गया है। इस बयान से ग्रामीणों में और आक्रोश बढ़ गया है, क्योंकि उनका मानना है कि सभी जरूरी कार्य योजना में शामिल होने चाहिए थे।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन की होगी। मौके पर बनारसी सिंह, मानशंकर सिंह, भोला सिंह, विवेक सिंह और पन्नालाल जायसवाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।



