Blog

Chandauli News-क्रय केंद्र न खुलने से किसानों में आक्रोश,प्रदर्शन कर जताया विरोध


चंदौली जनपद के बरहनी ब्लॉक अंतर्गत अरंगी ग्राम सभा में गेहूं खरीद को लेकर किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। शनिवार को किसानों ने क्रय केंद्र न खुलने के विरोध में प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।ग्रामीणों के अनुसार, अरंगी गांव में करीब 500 एकड़ गेहूं की फसल की कटाई पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक सरकारी क्रय केंद्र नहीं खुला है। ऐसे में किसानों की तैयार फसल खलिहान में खुले आसमान के नीचे पड़ी हुई है, जिससे खराब होने का खतरा बढ़ता जा रहा है। किसानों का कहना है कि समय रहते खरीद शुरू न होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।प्रदर्शन के दौरान किसान त्रिभुवन नारायण सिंह ने बताया कि वर्ष 2020-21 में धान और गेहूं की सरकारी खरीद सुचारू रूप से होती रही, लेकिन वर्ष 2026 में अब तक क्रय केंद्र नहीं खुलना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, डिप्टी एआरएमओ और स्थानीय विधायक से भी बातचीत की गई है। किसानों की ओर से गोदाम और कार्यालय उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है, फिर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।वहीं किसान गुलाब सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि गेहूं कटे हुए लगभग 10 दिन हो चुके हैं और फसल खलिहान में पड़ी है, लेकिन खरीद की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द क्रय केंद्र नहीं खोला गया तो किसान आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे।ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत सिंह ने बताया कि गांव में बड़े पैमाने पर गेहूं की कटाई हो चुकी है और फसल खुले में पड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह पहले मंडी समिति के एआर और विधायक से इस मुद्दे पर बातचीत हुई थी। विधायक द्वारा केंद्र खुलवाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन डिप्टी एआरएमओ ने गोदाम की अनुपलब्धता का हवाला दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान अपने गेहूं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराएंगे।प्रदर्शन में त्रिभुवन नारायण सिंह, बालेश्वर सिंह, अजय सिंह, राजेश पांडेय, वीरेंद्र पाल सिंह, सुजीत सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button