
चंदौली। जिला मुख्यालय के चंदौली मझवार रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को यातायात पुलिस की चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार की अनोखी नंबर प्लेट चर्चा का विषय बन गई। बाइक की नंबर प्लेट पर सामान्य अंकों के बजाय घड़ी की सुइयों जैसी आकृति बनाकर नंबर प्रदर्शित किया गया था। नंबर प्लेट देखकर मौके पर मौजूद ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुरेंद्र यादव भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए।चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार को रोककर नंबर प्लेट की जांच की। अनोखे अंदाज में लिखे नंबर को देखने के लिए आसपास के लोग भी बाइक के पास जुटने लगे और मौके पर भीड़ लग गई।ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने बाइक सवार से इस तरह की नंबर प्लेट लगाने की अनुमति के संबंध में सवाल किया, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने बाइक के दस्तावेजों और चालक से संबंधित अन्य नियमों की जांच की।जांच में बाइक सवार बिना हेलमेट मिला और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। वहीं, बाइक की नंबर प्लेट भी निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं पाई गई। यातायात पुलिस ने नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए बाइक सवार के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की।इसी दौरान पुलिस ने अन्य वाहनों की भी जांच की और कागजात, हेलमेट व नंबर प्लेट की पड़ताल की। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अनोखी नंबर प्लेट वाली बाइक दिनभर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। बाइक सवार का अनोखा शौक लोगों को भले आकर्षित करता रहा, लेकिन यातायात नियमों की अनदेखी आखिरकार उसी पर भारी पड़ गई।
