चंदौली। थाना कोतवाली चन्दौली पुलिस ने गोवध के मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहे ₹25,000 के इनामिया अभियुक्त एवं वाहन स्वामी विजय कुमार राजभर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सर्विलांस सेल की ट्रैक लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।दरअसल, पूर्व में चन्दौली पुलिस टीम लीलापुर फाटक के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मैजिक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार दो लोगों को नीचे उतारने के बाद जांच की गई तो उसमें तीन गोवंश बरामद हुए। पुलिस ने वाहन संख्या UP65NT2072 को 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया था।इस मामले में थाना चन्दौली पर मु0अ0सं0 65/2025 के तहत गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में विजय कुमार राजभर काफी समय से फरार चल रहा था, जिस पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।इसी क्रम में पुलिस टीम ने 30 अगस्त 2026 को सुबह करीब 9:20 बजे पलही पट्टी चौराहा, थाना चोलापुर, वाराणसी से विजय कुमार राजभर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक केशव प्रसाद सिंह, कांस्टेबल हरेन्द्र कुमार सिंह, कांस्टेबल अरविन्द कुमार प्रथम तथा सर्विलांस टीम से हेड कांस्टेबल प्रेम प्रकाश यादव शामिल रहे।
