चंदौली। विकासखंड चंदौली अंतर्गत ग्राम सवैया महलवार में जलभराव के कारण किसानों की समस्याएं बढ़ गई हैं। खेतों में पानी भरने से धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों की समस्या की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों एवं किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।जिला पंचायत सदस्य ने किसानों की बर्बाद हुई धान की फसल का मुआवजा दिलाने के संबंध में उपजिलाधिकारी सदर से फोन पर वार्ता की। उपजिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के प्रभावित किसानों की फसल क्षति का आकलन कराकर प्राथमिकता के आधार पर मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।रमेश यादव ने किसानों को भरोसा दिलाया कि गांव में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर जल निकासी की व्यवस्था जल्द दुरुस्त कराने का प्रयास किया जाएगा।मौके पर गिलाडु प्रजापति, रामाशीष प्रजापति, कुंदन प्रजापति, यदुनाथ प्रजापति, राजकुमार प्रजापति, ओमप्रकाश प्रजापति, शिवराज पाल, श्यामलाल राम, मशूद खान, बैकुंठ सिंह, वीरेंद्र सिंह, जियालाल, रघु सोनकर, कृष्णा जायसवाल समेत कई किसान मौजूद रहे।
