चंदौली चकिया तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास और भूमि विवाद से संबंधित कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं 5 मामलों में टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए गए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से किया जाए। जमीनी विवाद के मामलों में भूमि पैमाइश, अवैध कब्जे तथा राजस्व-पुलिस से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बारिश और जलजमाव को देखते हुए जल-निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा गया। डीएम ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या फर्जी आख्या मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं ईशापुर कला के सामुदायिक शौचालय के केयरटेकर ने मानदेय भुगतान की शिकायत की। जांच में पूर्व सचिव की लापरवाही से भुगतान रुका मिला, जिस पर डीपीआरओ ने वर्तमान सचिव और ग्राम प्रधान को बकाया भुगतान जल्द कराने के निर्देश दिए।
