चंदौली के सैयदराजा थाना पुलिस ने गोवध के मुकदमे में वांछित ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त श्यामबली राम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड के जरिए वाहन खरीदकर अपनी पहचान छिपाने का प्रयास किया था।पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर बीपी पेट्रोल पंप, रवाजाना तंदूरी ढाबा और एनएच-2 हाईवे उत्तरी लेन बगही कुंभापुर के पास वाहनों की चेकिंग की गई थी। इस दौरान एक टाटा मैजिक से दो गोवंशीय पशु बरामद किए गए और राहुल कुमार व अरबिंद तिवारी को गिरफ्तार किया गया था। वहीं दूसरी टाटा मैजिक का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था।जांच में वाहन संख्या UP64T6823 के मालिक के रूप में श्यामबली राम का नाम सामने आया। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि वाहन खरीदने में इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से कूटरचित फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया था। इसके आधार पर मुकदमे में फर्जीवाड़े से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गईं।पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 18 सितंबर 2026 को चंदौली से श्यामबली राम को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना सैयदराजा में गोवध निवारण अधिनियम समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, कांस्टेबल शंकर राम और कांस्टेबल बृजेश चौहान शामिल रहे।
