चंदौली में अज्ञात कारणों से लगी आग से कई घर जलकर राख,पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने लापरवाही पर उठाए सवाल

चंदौली जनपद के धीना थाना क्षेत्र अन्तर्गत तम्बागढ़ गांव में आज भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को उजाड़ कर रख दिया। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही समय में कई घर जलकर राख हो गए। घरों में रखे गैस सिलेंडर फटने से स्थिति और भी गंभीर हो गई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।इस हादसे में पीड़ित परिवारों का सब कुछ नष्ट हो गया—नकदी, गहने, कपड़े, बच्चों की किताबें तक आग की भेंट चढ़ गईं। कई बच्चे भी इस आग में झुलस गए, जिनका इलाज जारी है। अचानक आई इस विपत्ति ने कई परिवारों को बेघर कर दिया है और उनके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।घटना का दुखद पहलू यह रहा कि प्रशासन और पुलिस की टीम पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह “डब्लू” के मौके पर पहुंचने के बाद ही सक्रिय हुई। दमकल की गाड़ी भी करीब डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची, तब तक अधिकांश नुकसान हो चुका था। इस देरी ने प्रशासन की तैयारी और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।गांव के लोगों में आक्रोश है कि पिछले 9 वर्षों में क्षेत्र में एक भी फायर स्टेशन स्थापित नहीं किया गया। पीड़ित परिवारों ने तत्काल मुआवज़ा और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव हो सके।



