चंदौली। चकिया पुलिस ने तत्परता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए मां से बिछड़ी 10 माह की दूधमुही बच्ची को सकुशल तलाश कर उसके परिजनों को सौंप दिया। बच्ची के मिलने के बाद परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।जानकारी के अनुसार, महिला अपनी 10 माह की बच्ची राधा समेत चार अन्य बच्चों के साथ मायके अदलहाट जाने के लिए गोधना मोड़, अलीनगर से ऑटो में सवार हुई थी। यात्रा के दौरान बच्ची उसकी बड़ी बहन पार्वती के पास थी। सिकंदरपुर मोड़ पर ऑटो बदलते समय बच्ची मां से बिछड़ गई।सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक चकिया संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए सघन तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस की सक्रियता से पता चला कि बच्ची गलती से बिकसी, थाना अदलहाट, जनपद मिर्जापुर निवासी एक महिला के साथ पचोखर, बबुरी की ओर चली गई थी।चकिया पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर आवश्यक लिखापढ़ी के बाद उसकी मां को सुपुर्द कर दिया। मासूम को पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।बच्ची को बरामद करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, महिला उपनिरीक्षक खुशबू यादव, हेड कांस्टेबल सूरज कुमार और महिला कांस्टेबल कीर्ति द्विवेदी शामिल रहीं।
