चंदौली पुलिस द्वारा गोवंश से संबंधित अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना कन्दवा व थाना सैयदराजा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मु0अ0सं0 27/2026 से संबंधित अभियुक्त जावेद अहमद पुत्र कलाम कुरैशी निवासी उसियाँ, थाना दिलदार नगर, जनपद गाजीपुर को 20 अगस्त 2026 को उसके घर से गिरफ्तार किया। वहीं अभियुक्त अतहर कुरैशी पुत्र मोबिन कुरैशी निवासी ग्राम डुमरी, थाना दुर्गावती, जिला कैमूर, बिहार को मुखबिर की सूचना पर ककरैत नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। दोनों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।पूछताछ में जावेद अहमद ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से गोवंश मंगाकर नुआंव, बिहार में एकत्र करता था और गोवध के लिए बिहार, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में भेजता था। अतहर कुरैशी ने भी इसी प्रकार की गतिविधियों में संलिप्तता की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार धनराशि का लेन-देन विभिन्न ग्राहक सेवा केन्द्रों के माध्यम से किया जाता था। पूछताछ में सामने आए अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।

