चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव में बुधवार शाम गैस सिलेंडर लीक होने से एक कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत की और किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक घर में रखा गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।जानकारी के अनुसार, पीड़ित शिवकुमार पांडेय के घर में आग लगने से अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई और खाने-पीने का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। मकान निर्माण के लिए ठेकेदार को देने के उद्देश्य से घर में रखे दो लाख रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। इसके अलावा घर में रखे जेवरात और अन्य जरूरी सामान जलने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने खाने-पीने और रहने तक का संकट खड़ा हो गया है। वहीं, ग्रामीणों ने गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सिलेंडर बिना जांच किए ही उपभोक्ताओं को दिए जाते हैं। उन्होंने मामले की जांच कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है, ताकि परिवार को इस मुश्किल घड़ी में राहत मिल सके।
पिपरी गांव में गैस सिलेंडर लीक होने से कच्चे मकान में लगी भीषण आग,नकद समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख..
