चंदौली। शिक्षक दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी ने सरकारी विद्यालयों की स्थिति और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के ककरही-मनराजपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचा। यहां सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने शिक्षकों का सम्मान किया और ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब 26 हजार सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इसका सीधा असर गरीब और पीडीए समाज के बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की सोची-समझी नीति बताते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों के कमजोर होने से गरीब बच्चों के शिक्षा के अधिकार पर संकट खड़ा हो रहा है।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद पड़े विद्यालयों को दोबारा खोला जाएगा। जहां जरूरत होगी, वहां नए स्कूल भी बनाए जाएंगे। विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर युवाओं को रोजगार देने का काम किया जाएगा।मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि जिस विद्यालय में लंबे समय से शिक्षण व्यवस्था ठप थी, उनके कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही बीएसए के निर्देश पर शिक्षकों को वहां भेजा गया और बच्चों को बुलाकर शिक्षक दिवस का कार्यक्रम कराया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर समाजवादी नेताओं के पहुंचने पर ही शिक्षक विद्यालय पहुंचेंगे, तो वे रोज स्कूल पहुंचकर पाठशाला चलवाने का काम करेंगे।इस दौरान सपा नेताओं ने “सुनो पाठशाला की पुकार, सरकारी शिक्षा को बचाएगी समाजवादी सरकार” का नारा बुलंद किया। सपा नेताओं ने कहा कि सरकारी शिक्षा और गरीब बच्चों की पढ़ाई के मुद्दे को लेकर पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।वहीं सपा नेता राकेश कुशवाहा ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जहां जरूरत होगी, वहां नए स्कूल खोले जाएंगे और सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरनाथ यादव, पूर्व प्रवक्ता उदय प्रताप कॉलेज ने की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रामजनम यादव, हरदेव मौर्य, राजनाथ सिंह, बृजेश प्रधान, रामदुलारे यादव, भैरव खरवार, रमेश यादव, पप्पू शर्मा, भागवत गोंड, दयाराम, जगमेंद्र, फौजदार राम, केदार प्रसाद, ओमप्रकाश खरवार, अशोक कुमार सिंह, गामा यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संतोष उपाध्याय ने किया।
